प्रतियोगिता में कबड्डी खेलती बालिकाएं।
- फोटो : ORAI
उरई। नेहरू युवा केंद्र जालौन की ओर से मतदाता जागरुकता तथा कोविड अनुरूप व्यवहार के अंतर्गत जिला स्तरीय क्रीडा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।जिसमें कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन और एथलेटिक प्रतियोगिताएं शामिल थीं। कबड्ड़ी बालिका में डकोर की टीम विजेता रही। जबकि कोंच की टीम उपविजेता रही। कबड्डी बालक वर्ग में माधौगढ़ की टीम विजेता और डकोर की टीम उपविजेता रही। खो-खो में बालिका वर्ग में कोंच विजेता व डकोर उपविजेता, 100 व 400 मीटर दौड़ में दीपक यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर में नीतेश ने पहला स्थान पाया। बालिका वर्ग में रानी पाल ने 100 मीटर में पहला स्थान पाया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला युवा कल्याण तथा प्रादेशिक अधिकारी शिवराम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केंद्र जालौन द्वारा खिलाड़ियों तथा युवाओं को प्रोत्साहित करने के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। जिला युवा अधिकारी रविदत्त ने सभी खिलाड़ियों तथा युवाओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। प्रतियोगिता के समापन पर उप क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव ने पुरस्कार वितरण किया। प्रतियोगिता में अरविंद संज्ञा, डॉ. ममता स्वर्णकार, देवेंद्र सिंह ने निर्णायक की भूमिका अदा की। इस दौरान अनादि पांडेय, आलोक द्विवेदी, नेहा, विमल, सौम्या, शिवप्रताप आदि मौजूद रहे।