उरई। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। हालांकि जैसा अतिक्रमण अभियान चलाने की बात थी, वैसा नहीं दिखा। जिला प्रशासन के साथ मिलकर नगर पालिका ने सरकारी जमीन व नालों पर अवैध रूप से निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और बुलडोजर की मदद से उनकी दुकानों के अतिरिक्त बाहर निकले टिनशेड तुड़वाकर इतिश्री कर ली। कुछ दुकानदारों को 24 घंटे के अंदर अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई।
डीएम प्रियंका निरंजन ने अधीनस्थों को सड़क मार्ग और सरकारी जमीनों को कब्जा मुक्त करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र मौर्य के नेतृत्व में सुबह से ही उरई के झांसी चुंगी से लेकर कोंच बस स्टैंड तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया। नगर पालिका के बुलडोजर ने सरकारी नाले और जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस इलाके को पहले ही जिला प्रशासन ने चिह्नित कर नोटिस भी दिए गए थे। इसके बाद भी लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया था।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का पहला दिन था। यह अभियान जारी रहेगा। पहले दिन झांसी चुंगी से लेकर कोंच बस स्टैंड तक अभियान चलाया गया। दूसरे दिन जेल रोड से जिला परिषद तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान एसडीएम रामकुमार, ईओ विमलापति, सीओ विजय आनंद, कोतवाल शिवकुमार राठौर आदि मौजूद रहे।
----------------------
अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम
रामपुरा। नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को व्यापार मंडल के साथ बैठक हुई। जिसमें नगर पंचायत की ओर से दो दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने का फरमान व्यापारियों और नगरवासियों को दिया गया। नगर पंचायत बाजार, सरकारी नालियों और चौक चौराहों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया। इसके लिए प्रशासन ने व्यापारियों और नगरवासियों को दो दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। ऐसा न होने पर नगर पंचायत कार्रवाई करेगा।
ईओ राजीव कुमार ने बताया कि बाजार के दोनों तरफ स्थित सर्विस रोड़ व नालियों पर अतिक्रमण कर सीढ़ी, टिनशेड, बैनर और जनरेटर के साथ ही साग सब्जी, चाट, फल आदि की दुकान लगाकर कस्बे में अतिक्रमण किया गया है। इससे आवागमन में दिक्कत होती है। कहा कि कुछ दुकानदार प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे हैं। इसके लिए नगर पंचायत की ओर से टीम गठित की गई। इस दौरान ब्रजेश कठिल, प्रशांत, जमील खान आदि मौजूद रहे।
-----------------------
फोटो परिचय 21: जेसीबी मशीन से हटाया जा रहा अतिक्रमण। संवाद
टीन शेड हटाए, पक्के निर्माण ढहाए
जालौन। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में नगर में दूसरे दिन मंगलवार को भी अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इसमें उरई रोड से दीन दयाल उपाध्याय चौराहा तक अतिक्रमण हटाया गया। एसडीएम राजेश सिंह, नगर पालिका ईओ डीडी सिंह, सीओ संतोष कुमार, कोतवाल शैलेंद्र सिंह की मौजूदगी में घरों और दुकानों के बाहर लगे टिन शेड और छप्पर आदि को हटाया गया। जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था, उनके और पक्के अतिक्रमण को जेसीबी से ढहा दिया गया। ईओ डीडी सिंह ने बताया कि अभी अभियान की शुरूआत हुई है। जब तक नगर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त नहीं करा दिया जाता है तब तक अभियान जारी रहेेगा। अतिक्रमण हटाने पर अतिक्रमणकारियों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। यदि कोई व्यापारी अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। (संवाद)