बर्बाद सामान को दिखाते अन्य परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर में गुरुवार सुबह मकान की दीवार पर रखा छप्पर गिर गया। इससे परिवार के छह लोग घायल हो गए। घायलों में मां और बेटी की हालत गंभीर है, उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
शहर के पटेल निवासी शान मुहम्मद (50) पुत्र जान मुहम्मद परिवार के साथ रहते हैं। मकान के आगे वाली दीवार पर छप्पर रखा था। बुधवार रात खाना खाने के बाद शान मुहम्मद परिवार के साथ छप्पर के नीचे सोया था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे बारिश के चलते छप्पर गिर गया। इससे जान मुहम्मद की पत्नी करिश्मा (45), बेटा महफूज (20), पुत्री गजाला (18), मकसा (11), बेटा एहसान(10) और अजमल(8) घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग दौडे़ और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में छप्पर की नीचे रखा सामान भी खराब हो गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत के चलते करिश्मा और मकसा को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।