कोंच। शनिवार को एएसपी ने कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान अपराधियों पर अंकुश लगाने व पंचायत चुनाव के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
नवागंतुक एएसपी राकेश कुमार सिंह ने कोतवाली में मालखाना, मैस, आवास, हवालात और मुंशियाने का बारीकी से निरीक्षण किया। हवालात में साफ सफाई कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही अभिलेखों का रखरखाव ठीक कराने की बात कही। उन्होंने कोतवाल से कहा कि जिन मुकदमों में फैसला हो गया हो उनके माल का तत्काल निस्तारण कराएं। अपराध और अपराधियों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाएं। पंचायत चुनाव पर पूरा होमवर्क पहले ही कर लें। संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जहां भी कमियां दिखें उन्हें दूर करें। इस दौरान कोतवाल बलिराज शाही, उदयभान गौतम, राजेश सिंह, शफीक अहमद, ललित किशोर चतुर्वेदी, मुकेश आदि मौजूद रहे।
उरई। कोंच कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। इस दौरान आईं 5 शिकायतें मौके पर ही निस्तारित कर दी गईं। थाना कैलिया में तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा की अध्यक्षता में तीनों शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। थाना नदीगांव में एसएचओ रूपकृष्ण त्रिपाठी ने शिकायतें सुनीं और आईं दो मेें एक का मौके पर ही निस्तारण किया गया। माधौगढ़ कोतवाली में एसडीएम सालिकराम ने शिकायतें सुनीं। यहां पांच शिकायतें आई, जिसमें चार का निस्तारण कर दिया गया है। (संवाद)