कोंच। टोपोर के मंदिर परिसर में तीन दिन पूर्व रणजीत (35) की ईंट पत्थरों से कुचल कर हत्या की गई थी। शुक्रवार को तीन दिन बाद पुलिस के हाथ आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतक के सिर और चेहरे पर सात आठ वार ईंट-पत्थर के किए गए थे। पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक हत्यारोपियों का कुछ पता नहीं कर सकी है, जिससे परिजनों में रोष व्याप्त है।
बीती 30 मार्च कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अटा टोपोर के जनकपुरी में रामजानकी मंदिर परिसर में हनुमान मंदिर के नीचे बने बेसमेंट में रणजीत जाटव निवासी खुलखना का रक्तरंजित शव मंदिर बरामद हुआ था। शुक्रवार को मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। कोतवाल बलिराज शाही ने बताया कि इसमें मृतक के चेहरे और सिर में ईंट पत्थरों से किए गए वार की सात आठ चोटें बताईं गईं, जिससे उसकी मौत हुई है। मामले में रणजीत के भाई ने चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद में पुलिस के हाथ खाली हैं, अभी तक एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है। पुलिस ने बताया कि परिजनों से बातचीत गई हैं लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है।