हाईवे अथॉरिटी के अफसरों को चटकी साइड वॉल दिखाते विधायक।
- फोटो : ORAI
कालपी(उरई)। हाईवे अथॉरिटी की ओर से हाल ही में बनाए गए सर्विस रोड की साइड दीवार में दरार आ गई है। इसकी सूचना पर भाजपा विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन एसडीएम जयेंद्र कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाईवे अथॉरिटी के अफसरों को बुलाकर नाराजगी जताई।
हाईवे अथॉरिटी की ओर से कालपी के डेढ़ किमी अधूरे फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। आवागमन के लिए सर्विस रोड और इसके बाद साइड दीवार बनाई गई है। सर्विस रोड बनने के बाद क्षतिग्रस्त हो गया है। पानी बरसने पर दलदल हो जाता है। निर्माण पूरा होने से पहले ही सर्विस रोड की साइड दीवार में दरार आ गई है। इसकी सूचना पर विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, एसडीएम जयेंद्र कुमार ने दीवार का मुआयना किया। विधायक ने हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से कहा कि दो साल से निर्माणाधीन हाईवे से निकलना मुश्किल है। सर्विस रोड कई बार उखड़ चुका है। साइड दीवार चटक गई है। काम की समय सीमा भी बढ़ाई जा रही है। पता नहीं कब काम पूरा होगा। उन्होंने हाईवे के अफसरों से कहा कि सर्विस रोड व साइड दीवार की मरम्मत कर चलने योग्य बनाया जाए। नवरात्र से पहले बाजार के पूरे रोड का डामरीकरण कराएं। इस पर हाईवे अथॉरिटी के जिम्मेदारों ने बाजार के अंदर रोड, हाईवे के सर्विस रोड व सर्विस रोड की दीवार की मरम्मत का भरोसा दिया।
विधायक ने चेताया कि लापरवाही पर केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा। इस दौरान एसडीएम जयेंद्र कुमार, सत्येंद्र सिंहए मयंक श्रीवास, सुन्नी तिवारी, अवदेश वाजपेयी, सुरजीत सिंह सहित हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी मौजूद रहे।