फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जवान का शव पहुंचने पर लगाया हाईवे पर जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
कालपी/महेवा। जम्मू कश्मीर के राजौरी में तैनात सेना के जवान कालपी कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरई निवासी अंकित जादौन की शुक्रवार की रात मौत हो गई थी। सोमवार को राजौरी से प्राइवेट वाहन से शव यहां पहुंचा। परिजनों ने जवान के शव को राजकीय सम्मान और शहीद का दर्जा देने व सेना से मिलने वाली अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ जोल्हूपुर हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने भीड़ को किसी तरह समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। इस दौरान लगभग 45 मिनट तक जाम लगा रहा। बाद में दोपहर में राजकीय सम्मान के साथ शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
विज्ञापन

गांव बैरई निवासी शिव शंकर के पुत्र अंकित जादौन की शुक्रवार की रात राजौरी में तैनाती के दौरान मौत हो गई थी। शनिवार की सुबह इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। अंकित 2017 में सेना में भर्ती हुए थे। राजपूताना रायफल्स 69 की टुकड़ी में बतौर जवान कार्यरत थे। सोमवार की सुबह जवान का शव एक सूबेदार के साथ प्राइवेट वाहन से कालपी कोतवाली पहुंचा तो परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों ने कहा कि शव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाए। इस पर कोतवाली पुलिस असमंजस में पड़ गई। इसी बीच कोतवाली में परिजनों के साथ एकत्र ग्रामीणों की भीड़ हाईवे स्थित जोल्हूपुर मोड़ पहुंच गई और जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। जाम से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर एसडीएम केके सिंह व सीओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाना शुरू किया। कुछ देर बाद क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह ने पहुंचकर डीएम प्रियंका निरंजन को मामले से अवगत कराया। इसके बाद प्रशासन राजकीय सम्मान को राजी हो गया। तब तक अपर जिलाधिकारी पूनम निगम व एएसपी राकेश सिंह भी मौके पर पहुंच चुके थे।
विज्ञापन

आखिर में ग्रामीणों को प्रशासन की मंशा से अवगत कराया गया, तब जाकर लगभग 45 मिनट बाद जाम खत्म हुआ। फिर परिजन तिरंगे में लिपटाकर अंकित का शव लेकर गांव रवाना हुए। रास्ते में शव के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। गांव में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जवान को गार्ड आफ ऑनर देकर अंतिम संस्कार कराया गया। एडीएम का कहना है कि प्रशासन पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का प्रयास करेगा। वहीं, जवान की मौत के बारे में कोई भी नहीं बता रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें