जालौन। करीब दो सप्ताह पहले उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद नए उपजिलाधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर की पेन ड्राइव न आने से लोगों को निवास प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं। इससे आवेदक परेशान होकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
निवास प्रमाण पत्र की प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बाद से उपजिलाधिकारी के डिजिटल हस्ताक्षर से ही निवास प्रमाण पत्र जारी होता है। नगर में तैनात रहे एसडीएम सौरभ कुमार पांडेय के डिजिटल हस्ताक्षर से बीते पांच जनवरी तक निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके बाद निवास प्रमाण पत्रों पर उनके हस्ताक्षर नहीं हो सके। इसी
दौरान सात जनवरी को उनका स्थानांतरण हो गया। उनके स्थान पर प्रशिक्षु आईएएस अंकुर कौशिक को जालौन एसडीएम का पद सौंपा गया। उन्होंने दायित्व ग्रहण भी कर लिया है लेकिन उनके डिजिटल हस्ताक्षर की पेन ड्राइव अभी तक कार्यालय में उपलब्ध नहीं हो सकी है। इससे करीब दो सप्ताह से जिन आवेदकों की ओर से निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया है, उन्हें प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। आवेदक गंगाप्रसाद, पूनम, रितू, शालनी आदि का कहना है कि उन्होंने पांच जनवरी को निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक प्रमाणपत्र नहीं मिल पाया है।