उरई। महिला का जला शव मिलने के मामले में मृतका के भाई ने शहर कोतवाली में तीन ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रगेदा में शनिवार देर रात छह दिन से लापता महिला का शव जला मिला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई मोहित यादव निवासी मोहल्ला जीपुरा थाना निवाड़ी जनपद भिंड मध्यप्रदेश ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बहन वंदना के पति बृजकिशोर की पूर्व में मौत हो चुकी है। बहन के जेठ जाहर सिंह, रामनारायण सिंह और विशंभर सिंह ने मिलकर उसकी बहन की पीटकर हत्या की और शव जला दिया। बताया कि उसका बड़ा भांजा हिमांशु भी जाहर सिंह के कब्जे में है।
उक्त लोगों ने छोटे भांजे अंश को भी डरा धमकाकर जान से मारने की धमकी दी थी। सूत्रों के अनुसार एक हत्यारोपी जेठ को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं कोतवाल नागेंद्र पाठक का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।