कोंच। एक हफ्ते से बिजली कटौती से परेशान हो चुके किसानों का धैर्य जवाब दे गया। बिजली संकट की वजह से पलेवा नहीं होने पर किसानों सोमवार को आराजी लेन स्थित बिजलीघर पर जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों का गुस्सा देखकर विभागीय अधिकारियों ने शाम तक बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने का आश्वासन दिया लेकिन लेकिन किसानों ने उनकी एक नहीं सुनी। किसान विधायक मूलचंद्र निरंजन के पास पहुंचे और पूरा मामला बताया। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया। इसके बाद किसान शांत हुए।
सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे तहसील क्षेत्र के ग्राम लौनाए कुंवरपुरा, गोरा, अटा, बस्ती, तीतरा, धनौरा, गंगथरा, रवा, खोहा, भैतपुरा, रामपुर सनेता आदि गांवों के करीब सवा सौ किसान आराजी लेन स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और बिजली कटौती के विरोध में अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही एसडीओ अनिरुद्ध मौर्या व अवर अभियंता गौरव कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को शाम तक बिजली व्यवस्था दुरुस्त किए जाने का आश्वासन दिया लेकिन उनके आश्वासन को किसानों ने नहीं माना।
किसान विधायक के आवास पर पहुंचे और बताया कि करीब एक सप्ताह से कम समय के लिए बिजली मिल रही है। उसमें भी लो वोल्टेज और ओवरलोड से हर आधे घंटे में बिजली कट जाती है। जिस वजह से किसान पलेवा नहीं कर पा रहे हैं। फसल बोने का समय सिर पर है। किसानों ने विधायक से बिजली समस्या को अविलंब निस्तारित कराने की मांग की। विधायक ने तत्काल एसडीओ से फोन पर वार्ता की। वार्ता के संबंध में एसडीओ ने बताया कि तीतरा व आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति दोहर फीडर से हटा दी गई है। जिससे ओवरलोड की समस्या दूर हो जाएगी। प्रदर्शन करने वाले किसानों में ब्रजपाल पटेल, प्रेमनारायण सिंह, दिनेश निरंजन, सोनू धनौरा, उत्तम पटेल, मोहित, दाऊ तीतरा, गौरव, देवेंद्र, मुन्ना पटेल, दिनेश कुशवाहा, हेमंत आदि रहे।