आटा। नेशनल हाईवे के किनारे के अतिक्रमण को सोमवार को एनएचएआई की जेसीबी सख्ती के साथ ढहा दिया। अभियान के दौरान सड़क किनारे रखी मौरंग, गिट्टी और अवैध होर्डिंगों को भी हटाया गया।
झांसी कानपुर नेशनल हाईवे के किनारे आटा से लेकर कालपी तक अवैध कब्जे होने से आए दिन हादसे व जाम के हालात रहते हैं। लोगों ने हाल ही में इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जिस पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही प्राधिकरण के अधिकारियों ने सात दिन पहले सभी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी थी, लेकिन चेतावनी के बाद भी कई अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटाए। जिस पर अधिकारियों ने सख्ती से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क के किनारे रखे अस्थायी व स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं सड़क किनारे लगे बालू, गिट्टी के ढेर, दुकानें, टट्टर आदि हटाए गए।
अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारी व एनएचएआई के कर्मचारियों में नोकझोंक हुई सख्ती के आगे शांतिपूर्ण तरीके से अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर हाईवे किनारे फुटपाथ पर कब्जा करने वालों को पहले ही 7 दिन का समय दिया गया था। इसके बाद भी दुकानें नहीं हटाई गईं तो सोमवार दोपहर को आटा बस स्टैंड चौराहा के पास फैला अतिक्रमण हटवा दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर दोबारा अतिक्रमण की सूचना आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।