एट (जालौन)। तीन दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर एक युवक ने तमंचे से दूसरे युवक को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से युवक लहूलुहान हो गया। दिनदहाड़े हाइवे पर हुई इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने एक युवक को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरा मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लेनदेन का लग रहा है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
एट थानाक्षेत्र के झांसी कानपुर हाइवे स्थित विरासनी मोड के पास ढाबे पर रविवार की दोपहर तीन युवकों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद साथी युवकों ने विक्की उर्फ राजकुमार (29) निवासी बैरागढ़ अकोढ़ी को 315 बोर के तमंचे से सिर में गोली मार दी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हाइवे पर दिनदहाड़े गोली चलने से लोगों में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने एट थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विक्की को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह एकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन नेहा भी है। वह पिता के साथ खेती किसानी का काम करता था और वह सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। उसकी मौत से मां अनीता, पिता सिरोवन, पत्नी मंजू व दो पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विनय दिवाकर का कहना है कि मुख्य आरोपी युवक शनि निवासी कोंच को तमंचा सहित पकड़ लिया है। जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।