कोंच, महेवा। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने परशुराम जयंती व ईद का पर्व शुक्रवार को घरों में रहकर ही मनाने की अपील ने की है। प्रशासन ने मंदिरों और इबादतगाहों में सिर्फ पांच लोगों को ही पूजा पाठ और नमाज की अनुमति दी है।
बताते चलें कि परशुराम जयंती और ईद शुक्रवार को हैं। ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष देवीदयाल रावत, महामंत्री अनुरुद्ध मिश्रा, सनाढ्य सभा के अध्यक्ष मनोज दूरवार ने लोगों से आग्रह किया है कि परशुराम जयंती अपने घर पर रह कर पूरे श्रद्धा भाव के साथ मनाएं। सदर ईदगाह कमेटी शमशाद खान ने भी मुस्लिम समाज के लोगों से कोविड गाइडलाइस का पालन करने की गुजारिश करते हुए कहा कि ईद की नमाज घरों में पढें और मुल्क को इस जानलेवा बीमारी से निजात की दुआ मांगें। नदीगांव थाने में शांति समिति की बैठक की गई। पुलिस अधिकारियों ने ईद की नमाज घरों में पढ़ने के लिए कहा। इस दौरान हाफिज जीशान, कल्लू नावली, साबिर खान, साकिर, फरीद कादरी आदि मौजूद रहे। इसी तरह महेवा ब्लॉक के चुर्खी थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक में इलाकाई लोगों से कहा गया कि त्यौहार पर किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को कोरोना कफ्र्यू का पालन करना होगा और बेहतर होगा कि घर पर ही ईद की नमाज करें और पर्व की खुशियां मनाए, एक दूसरे से सामाजिक दूरी का भी पूरी तरह से ध्यान रखे।
-------------
संक्रमण से आंखों का बचाव जरूरी है
कोंच। मौजूदा समय में कोरोना वायरस से बहुत से लोग प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे समय में आंखों से संबंधित कुछ सावधानियां बरतना जरुरी है। यह बात नेत्र चिकित्सक डॉ कुलदीप सिंह ने प्रेसवार्ता में कही। बताया कि अगर आप किसी ऐसी जगह जाते हैं, जहां हवा में कोरोना वायरस का इंफेक्शन है और अगर आपने मास्क भी पहना है तब भी ये इंफेक्शन की हवा आपकी आंखों के संपर्क में आकर श्लेष्मा झिल्ली के माध्यम से शरीर में पहुंच सकता है। बताया कि लोग कॉन्टेक्ट लेंस का उपयोग अभी न करें। सिर्फ ऐसे ही चश्में इस्तेमाल करें जो आंखों को पूरी तरह से ढक लेते हो। (संवाद)