कोंच। सप्ताह भर पूर्व कस्बे के लाजपत नगर में खिलौने बेचने वाली युवती आकांक्षा पर हुए घातक रसायन हमले के मामले में पुलिस को कुछ और जानकारी मिली है। जिसके मुताबिक घटना को अंजाम देने से एक दिन पहले भी हमलावर कस्बे के बड़ी माता मंदिर इलाके में देखे गए थे। ऐसा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बताया जा रहा है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि बहुत संभव है कि उन हमलावरों ने किसी घर या अन्य किसी स्थान पर रुके हो।
इस इलाके में मंगलवार को पुलिस की सरगर्मियां भी देखी गई। उस इलाके में जहां जहां भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस उन्हें एकत्रित करने में जुटी है। समझा जा रहा है कि इसके बाद पुलिस हमलावरों के तार जोड़ने की कोशिश करेगी ताकि इस बहुचर्चित कांड की गुत्थी जल्द सुलझ सके। बता दें कि बीते 21 सितंबर को दिनदहाड़े हुई इस दिल दहला देने वाली घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। घटना को अंजाम देने वाले बदमाश इतने शातिर दिमाग हैं कि उन्होंने एक भी सुराग ऐसा नहीं छोड़ा, जिसके माध्यम से पुलिस उन तक पहुंच सके।