कालपी। न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा से भागने वाले विचाराधीन कैदी और उसे संरक्षण देने वाले को पुलिस टीमों ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। संरक्षणदाता के पास से तमंचा, कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस सोमवार को गुडवर्क का खुलासा कर सकती है।
जिला कारागार से चार जनवरी को विचाराधीन कैदी भूपेंद्र सिंह यादव को कालपी मुंसिफ कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस वैन से लाया गया था। पेशी के बाद वैन में बैठने से पहले न्यायालय परिसर में ही उसने शौचालय जाने का बहाना बनाकर हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से भाग गया था। इस मामले में ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल व विचाराधीन कैदी के खिलाफ कालपी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसपी ने कैदी को पकड़ने के लिए एसओजी व सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमों को लगाया था। पुलिस टीमेें लगातार भूपेंद्र की तलाश में जुटी थीं। रविवार की सुबह कालपी कोतवाली क्षेत्र के रायड़ गांव के जंगल में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मध्य प्रदेश के
दतिया सेवड़ा निवासी भूपेंद्र यादव और उसके संरक्षण देने के एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया। संरक्षणदाता के पास से तमंचा व कारतूस बरामद करने का दावा भी किया जा रहा है। आरोपियों के पास से खाने पीने का सामान भी मिला है। एसपी ने बताया कि कैदी को गिरफ्तार किया है। जल्द गुडवर्क का खुलासा किया जाएगा।