कदौरा (जालौन)। थाना क्षेत्र के ग्राम कठपुरवा में ट्रैक्टर पर चढ़ते समय 12 वर्षीय बालक पैर फिसलने की वजह से ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल अवस्था में परिजन व अन्य ग्रामीण मासूम को सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। वहीं, घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम कठपुरवा निवासी नाहर बाबू का 12 वर्षीय पुत्र अतुल उर्फ जिब्बू घर के बाहर से निकल रहे ट्रैक्टर पर बैठने के लिए चढ़ने लगा, तभी अचानक पैर फिसलने से वह ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजन व ग्रामीण आनन फानन में सीएचसी ले कर आए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।