माधौगढ़ (जालौन)। ग्राम पंचायत अमखेड़ा को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार मिलने से ग्रामीणों ने खुशी जताई है। दो बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन राशि लेने के बाद पहली बार भारत सरकार की सूची में नाम आने से निवर्तमान प्रधान रामसरन दोहलिया गदगद है। कहा कि ग्राम पंचायत सदस्यों व समाज सेवियों के साथ बैठकर गांव के विकास का खाका तैयार किया और परिणाम आज सभी के सामने है।
बताया कि अमखेड़ा में सेंट्रल बैंक, इंटर कॉलेज, जन सुविधा केंद्र, पेट्रोल पंप, सहकारी समिति के साथ साथ छोटा सा बाजार भी मौजूद है। बाजार में छह पक्की दुकानें है और कुछ समय पूर्व ही गांव में अंत्योष्टि स्थल भी बनाया गया है। इसके अलावा स्मृति उपवन, माडल कन्या प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्थायी गोशाला, मीटिंग हाल भी ग्राम पंचायत की शान और पहचान है। गांव में कहीं पर भी खुले में शौच नहीं होता है। ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष विनोद प्रताप सिंह ने निवर्तमान प्रधान को बधाई दी है। देवेंद्र तिवारी का कहना है कि गांव के विकास कार्य हकीकत में दिखाई दे रहे हैं। सुनील कुमार के मुताबिक, अमखेड़ा की साक्षरता दर 88 प्रतिशत है, जो वाकई गर्व की बात है।