आग को बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद/माधौगढ़/आटा। माधौगढ़ क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास कूड़े के ढेर में लगी आग से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। वहीं आटा में खेत में लगी आग से किसान की गेहूं की फसल भी जल गई। पीड़ित किसान ने नुकसान के मुआवजे की मांग की है।
माधौगढ़ कस्बा स्थित भाटिया पेट्रोल पंप के पास नगर पंचायत द्वारा डाले जा रहे कूड़े के ढेर में सोमवार को आग लग गई। आग का विकराल रुप देखकर पंप पर मौजूद कर्मचारियों व वाहन सवारों में हड़कंप मच गया। कर्मियों ने इसकी सूचना दमकल कर्मियों को दी।
दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्र के लोगों राघवेंद्र व्यास, नीलू गुप्ता, राजकुमार आदि का कहना है कि नगर पंचायत को कूड़ाघर बनवाना चाहिए, इस तरह सड़कों पर कूड़ा फेंकने से हादसों के अलावा गंदगी भी फैलने की आशंका रहती है।
आटा थाना क्षेत्र के संदी गांव में किसान नीलू चौबे के खेत में सोमवार की सुबह आग लग गई। इससे उसकी चार बीघा गेहूं की फसल जल गई। आसपास खेतों पर मौजूद किसानों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। किसान ने प्रशासन से आग से हुए नुकसान का आकलन कराकर मुआवजे की मांग की है। आग के कारण पता नहीं चल सका है।
इसी तरह डकोर कोतवाली क्षेत्र के मकरेछा गांव में खेत के ऊपर से निकली हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से बादाम सिंह के खेत में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि खेत में खड़ी फसल कट चुकी थी। खेत में खड़े डंठल ही आग में जल पाए।