कालपी। सर्विस रोड पर ट्रकों की आवाजाही पर प्रतिबंध होने के बावजूद लगातार संचालन जारी है। इससे सर्विस रोड क्षतिग्रस्त हो गई है। लगातार आ रही शिकायतों के बाद अब राष्ट्रीय राजगार्म प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसे संज्ञान में लेते हुए नोटिस देने की तैयारी शुरू कर दी है। चिह्नित खदान संचालकों के खिलाफ यह कार्रवाई होगी।
क्षेत्रीय लोगों ने एनएचएआई से शिकायत की है। बताया गया कि नगर के मोहल्ला तरीबुल्दा स्थित यमुना की तलहटी से बालू खनन कर ट्रक हाईवे से न जाकर सर्विस रोड से गुजर रहे हैं और फिर मुन्ना फुलपावर से होकर कानपुर की तरफ जा रहे हैं। क्षेत्रीय निवासी राजू पाठक, दिव्यगोपाल श्रीवास्तव, भूरे अंसारी, विशाल पोरवाल के अनुसार, पानी के साथ बालू भी रिसती है। उसके बाद अन्य वाहन गिरी बालू से होकर गुजरते हैं। इससे लगातार सर्विस रोड क्षतिग्रस्त हो रहा है।
मुन्ना फुलपावर चौराहे पर अंडरपास में सड़क उखड़ने लगी है। सड़क खराब होने से स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है। कई बार हादसे भी हुए हैं। इस शिकायत के बाद एनएचएआई के अधिकारी कार्रवाई की तैयारी में लग गए हैं। प्राधिकरण के एई एन गणेशन ने बताया कि ऐसे ट्रकों को चिह्नित किया जाएगा। सर्विस रोड पर भारी वाहन चलाने के लिए प्रतिबंध है। इनको नोटिस जारी होगा। फिर भी संचालन बंद नहीं हुआ तो क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक कराने में होने वाले खर्च को लेकर भी वसूली की जा सकती है।