उरई। शहर के राठ रोड पर शुक्रवार को दिन दहाड़े मूर्तिकार की हुई हत्या के मामले में भाई की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के चार दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। भागे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिशें दे रही हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राठ रोड मौनी बाबा मंदिर के पास रहने वाला मूर्तिकार अखिलेश शुक्रवार की दोपहर दुकान के पास बैठा था। तभी उसके चार दोस्त आए और उससे दुकान के पास शराब पीने की बात कहने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे तमंचे से सिर में गोली मार दी थी। इससे उसकी मेडिकल कालेज ले जाते समय मौत हो गई थी। भाई हेमंत की तहरीर पर पुलिस ने तुलसी नगर निवासी मनीष उर्फ बबलू नाई, गोपालगंज निवासी हरीराम उर्फ बूंचे, डकोर के टीकर निवासी बॉबी नाई कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के गुजराइन निवासी रामजी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी असीम चौधरी ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्जकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मनीष की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।