जालौन। दिन तीन पहले भाई की शादी में शामिल होने मायके आई महिला के बैग से सोने के जेवरात पार हो गए। मंगलवार को जब उसने बैग खोला तो उसे जानकारी हुई। पीड़िता ने जेवरात चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर के गुजैनी निवासी रश्मि चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिन पहले जालौन थाना क्षेत्र के खजुरी गांव आई थी। उसने जेवरों से भरा बैग कमरे में रख दिया था। महिला ने बताया कि शादी समारोह की तैयारी के बीच मंगलवार की शाम जब उसने बैग खोलकर देखा तो उसमें रखी सोने की चार चूड़ियां और एक हार सहित लगभग दो लाख के जेवरात गायब थे। उसने कोतवाली पहुंचकर जेवरात चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस शक के आधार पर एक युवक से पूछताछ कर रही है।