उरई। शादी समारोह से चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी से भरा बैग पार कर दिया। वर पक्ष की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल की। रिसोर्ट में लगें सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के उरई राठ मार्ग पर स्थित एक रिसोर्ट में शुक्रवार को डकोर निवासी रविंद्र यादव की पुत्री शालिनी की शादी थी। बरात मध्यप्रदेश के उज्जैन से आई थी। देर रात वैवाहिक रस्में चल रही थी। चढ़ावा के दौरान वर पक्ष के लोग जेवर से भरे बैग लेकर मंडप मे पहुंचे। इस बीच चोरों ने बैग पार कर दिया। जब इसकी जानकारी समारोह में शामिल लोगों को हुई तो वहां हड़कंप मच गया। घटना से रिसोर्ट में शादी की खुशियां सन्नाटे में तब्दील हो र्गइं। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दूल्हे के पिता जयपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि बैग में सोने का हार, करधनी, हाथ फूल, बाजू बंद, मंगलसूत्र, बेंदी, वेसर, चार सोने की चूड़िय़ां, चांदी के जेवर व दो लाख नकदी सहित 16 लाख का सामान था। पुलिस ने रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए तो उसमें एक व्यक्ति बैग के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल शिवकुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।