कोंच। बुवाई के सीजन में खाद के लिए मची मारामारी और किसानों को हो रही दिक्कत को देखते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा ने भारत सरकार के कृषि मंत्री को चिट्ठी लिखकर यूपी में खाद का आवंटन बढ़ाए जाने की मांग की है। इसी के साथ जनपद जालौन मे खाद के लिए जो भयावह स्थिति बनी है उसकी तस्वीर भी उन्होंने बयां करते हुए जिले के लिए अतिरिक्त पांच रैक खाद का आवंटन देने के लिए कहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा ने कृषि मंत्री भारत सरकार को पत्र लिखकर बताया कि यूपी में रबी की फसलों की बुवाई शुरू हो चुकी है तथा पूरे प्रदेश में डीएपी खाद के लिए समितियों में किसानों की लंबी लंबी लाइनें लगी हैं। बारिश हो जाने के कारण सभी किसानों की बुवाई का काम एक साथ शुरू हो गया है। चुनाव नजदीक होने और ऐसे में डीएपी की कमी के कारण सरकार की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि कृषि मंत्री उप्र सरकार को इस संबंध में जब पत्र लिखकर जनपद जालौन में पांच रैक डीएपी प्राथमिकता के आधार पर देने का अनुरोध किया तो उन्होंने बताया कि पचास हजार मीट्रिक टन खाद का ही यूपी के लिए आवंटन किया गया है जो कि अपर्याप्त है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पचास हजार मीट्रिक टन डीएपी खाद अतिरिक्त आवंटन करने की संस्तुति कराने का आग्रह किया गया है, तब कहीं जाकर प्रदेश में पर्याप्त खाद की आपूर्ति हो सकेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री वर्मा ने भारत सरकार के कृषि मंत्री से अनुरोध किया है कि उप्र को उपरोक्तानुसार आवंटन प्राथमिकता के आधार पर 31 अक्तूबर तक दिलाने तथा जनपद जालौन को पांच रैक 13 हजार 500 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध कराई जाए।