कालपी। कस्बे में बुधवार की देर रात हाईवे पर अमलतास तिराहे के पास पैदल सड़क पार कर रहे तीन युवकों को वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, अज्ञात वाहन टक्कर मार कर मौके से भाग गया।
नगर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी नावेद अंसारी (23) पुत्र लाला अंसारी, जाहिद मंसूरी (21) तथा रंजीत पाल (22) अमलतास तिराहे से हाईवे रोड को पार करके घर जा रहे थे। तभी झांसी से कानपुर की ओर जा रहे वाहन ने टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। जिससें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान नावेद की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
नावेद की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया व परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। वहीं, घायल दो अन्य युवकों का इलाज किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।