कदौरा क्षेत्र की जलालपुर मार्ग पर जाम में फंसे लोग
- फोटो : ORAI
कदौरा। कदौरा-जलालपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक ट्रक खराब हो जाने के कारण मार्ग पर जाम लगा गया। छोटे वाहन चालकों ने अपने वाहन पहले निकालने के चक्कर में वाहन आडे़-तिरछे लगा दिए, जिससे सड़क के दोनों ओर पांच-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को एक-एक करके निकलवाया, तब जाकर जाम खुला। जाम से करीब तीन घंटे तक लोग जूझते रहे।
खदान बंद होने के बाद मौरंग व्यापारियों ने जगह-जगह सड़क के किनारे मौरंग के ढेर लगा लिए हैं। जिससे सड़क संकरी हो गई है। जिस कारण आए दिन कदौरा-जलालपुर मार्ग में जाम की स्थिति बनी रहती है। बुधवार को इसी मार्ग पर एक ट्रक खराब होने के कारण लंबा जाम लग गया। भीषण जाम में तीन घंटे तक छोटे-बड़े वाहन फंसे नजर आए।
जाम खुलवाने के लिए पुलिस कर्मियों को भी खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। कस्बे के स्वामीदीन, सरोज सिंह, मंजू देवी, देवीदीन आदि ने बताया कि कस्बे के बाहर से चतेला गांव के आगे तक दर्जनों मौरंग के ढेर लगे हुए हैं, प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक निकलते हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने कहा कि जाम की सूचना मिली थी। गाड़ियों को सड़क से हटवा दिया गया है, साथ ही मौरंग व्यापारियों को चेतावनी भी दी है।