गोली मारकर हत्या (सांकेतिक चित्र)
- फोटो : social media
जालौन के एट में लेनदेन के विवाद में दोस्त की हाईवे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने एक आरोपी को तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा मौके से भाग गया। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जुए के रुपयों के लेनदेन में विवाद का लग रहा है।
पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। एट थानाक्षेत्र के झांसी कानपुर हाईवे स्थित विरासनी मोड के पास ढाबे पर रविवार की दोपहर तीन दोस्तों में कहासुनी हो गई। जिसके बाद दो ने विक्की उर्फ राजकुमार (29) निवासी बैरागढ़ अकोढ़ी को 315 बोर के तमंचे से सिर में गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
हाईवे पर दिनदहाड़े गोली चलने से लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विक्की को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन नेहा भी है।
वह पिता के साथ खेती करता था और वह सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। उसकी मौत से मां अनीता, पिता सिरोवन, पत्नी मंजू व दो पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विनय दिवाकर का कहना है कि मुख्य आरोपी युवक शनि निवासी कोंच को तमंचा सहित पकड़ लिया है। जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।