उरई। घर में प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नदीगांव थानाक्षेत्र के ककरौली गांव निवासी संतराम की 30 वर्षीय पत्नी बबली को प्रसव होना था। शनिवार को घर में प्रसव के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पति संतराम खेतीबाड़ी करता है। उसके एक बेटा और एक बेटी है। महिला का मायका सर्र गांव में है। मायके वालों को सूचना दे दी गई है। महिला की मौत से बच्चों व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अभी मायके वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी। (संवाद)