कदौरा सीएचसी में वैक्सीन लगवाने को लगी भीड
- फोटो : ORAI
कदौरा। वैक्सीन लगवाने को लेकर बुधवार को ग्रामीण आपस मे भिड़ गए। इसके बाद हंगामा करने लगे। ग्रामीणों के हंगामे से सेंटर पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंचे अधीक्षक व पुलिस पुलिस कर्मियों ने समझाबुझा कर मामला शांत कराया। ग्रामीणों ने वैक्सीन सेंटर में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों पर पक्षपात का आरोप लगाया है। जबकि चिकित्सा अधीक्षक का कहना है कि झगड़े की कई बार शिकायतें मिल चुकी है, इसको लेकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कस्बे स्थित सीएचसी के वैक्सीन सेंटर में पहले वैक्सीन लगवाने को लेकर चतेला, जकसिया, इकौना रैला आदि के ग्रामीण आपस मे भिड़ गए। मामला वाद विवाद से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच गया। इससे सेंटर में अफरातफरी मच गई। इस दौरान ग्रामीण गोलू सिंह, जीतू सिंह, देवप्रकाश, सोनम, सन्तोष कुमारी सहित अन्य ग्रामीणों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर पक्षपात का आरोप लगाया है। ग्रामीणो का आरोप है कि स्वास्थ्य कर्मी उन्हीं लोगों के वैक्सीन लगा रहे है जो परिचित है। हम लोग चार-पांच दिनों से चक्कर लगा रहे है। चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि वह लगातार स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से गांव-गांव में डुगडुगी पिटवा कर ग्रामीणों को जानकारी दे रहे है कि रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जब उनके मोबाइल पर मैसेज आए तभी सीएचसी वैक्सीन लगवाने के लिए आए। उन्होंने बताया कि वैक्सीन सेंटर पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।