उरई। छात्रा ने परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब छात्रा को फांसी पर लटका देखा। तो घर में चीखपुकार मच गई और आननफानन में शव को फंदे से उतार पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिरसाकलार निवासी लालसिंह की 14 वर्षीय पुत्री पूनम को परिजनों ने घर का काम न करने पर डांट दिया। डांट से आहत आठवीं क्लास में पढ़ने वाली पूनम ने कमरे में लगे हुक से दुपट्टे का फंदा बना कर फांसी लगा ली। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसके जिंदा होने की आस में फंदे से उतारा। पर तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका पूनम के परिजनों ने बताया कि वह कक्षा आठवीं में पढ़ती थी। उसकी मौत से मां उमादेवी, बहनें सोनम, आरुषि, श्रद्धा, भाई रवि का रो रोकर बुरा हाल है। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते है।
--------------
पति व सास-ससुर पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
उरई। महिला ने पति व ससुरालियों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सूर्यनगर निवासी रोशनी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लगभग दस वर्ष पूर्व शहर के सूर्यनगर निवासी अन्नू के साथ हुई थी। उसने अपने मायके औरैया निवासी सुनील से पति को डेढ़ लाख रुपये एक वर्ष पहले धंधा करने के लिए दिए थे। अब सुनील के रुपये मांगने पर वह पैसे नहीं दे रहा है। जबकि सुनील दबाव बना रहा है। जब उसने इस संबंध में पति से बात की तो पति अन्नु, ससुर नियाज, सास अमीसा ने 1 नवंबर को उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-------------------
महिला ने एसपी से की शिकायत
उरई। नदीगांव थानाक्षेत्र के कनासी निवासी पूजा ने एसपी रवि कुमार को शिकायतीपत्र देते हुए बताया कि पांच नवंबर की शाम पति की गांव के ही युवक ने अपने दो साथियों के साथ गालीगलौज करते हुए पिटाई की। जब वह चाने आई तो उसे भी पीट दिया। इसकी शिकायत करने वह थाने पहुंची, तो थानाध्यक्ष ने उसके पति को ही थाने में बैठा लिया और शांतिभंग में चालान कर दिया। महिला ने एसपी से मांग की है कि उक्त लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएं। (संवाद)