जालौन। मामले में समझौता कराने के नाम पर एक व्यक्ति ने 40 हजार रुपये ले लिए। अब न तो वह समझौता करा रहा है और न ही रुपये वापस कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। क्षेत्र के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी सरिता ने पुलिस को बताया कि वह पति के साथ काम धंधे के लिए गुड़गांव में रहती थी। वहां कुछ दबंगों ने उसके परिवार के साथ झगड़ा करके उल्टा उस पर ही केस दर्ज करा दिया। उक्त मामले में परेशान होने पर वह पति समेत पैतृक मकान में आकर रहने लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे बताया कि वह उनका समझौता करा देगा और केस भी खत्म करा देगा। बार-बार तारीखों पर आने जाने से परेशान होकर उसने उक्त व्यक्ति को किसी तरह 40 हजार रुपये इकट्ठे करके दे दिए। इसके बाद वह न तो समझौता करा रहा है और न ही उसके रुपये वापस कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)
----------
बुजुर्ग के डिग्गी से 25 हजार रुपये उड़ाए
जालौन। बैंक से रुपये निकालकर रिश्तेदार के घर गए बुजुर्ग की बाइक की डिग्गी में रखे 25 हजार रुपये किसी ने चोरी कर लिए। क्षेत्र के ग्राम हरकौती निवासी किसान प्रताप सिंह मंगलवार को इंडियन बैंक में रुपये निकालने के लिए आए थे। बैंक से करीब 11 बजे उन्होंने 25 हजार रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रख लिए। इसके बाद वह औरैया रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास अपने भतीजे के मकान पर उससे मिलने के लिए चले गए। बाइक को मकान के बाहर खड़ी कर वह भतीजे से मिलने के लिए मकान के अंदर गए। तभी किसी ने डिग्गी का ताला तोड़कर उसमें रखे 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। (संवाद)