कुठौंद/सिरसाकलार। घर पर जालौनी माता मंदिर पर दर्शन करने की बात कहकर निकले तीन किशोर नदी में नहाने के दौरान डूब गए। किशोरों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद किसानों ने पुलिस को सूचना दी। देर शाम तक गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने उनकी तलाश की। पर पता नहीं चला। युवकों की डूबने की सूचना पर मौके पर जनप्रतिनिधियों के साथ दोनो जनपदों की पुलिस व अधिकारी पहुंच गए।
कुठौंद थाना क्षेत्र के शेखपुरा निवासी गजेंद्र, आलमपुर निवासी राज व मोहन यादव तीनों दोस्त शुक्रवार की सुबह घर से जालौनी माता मंदिर में दर्शन करने की बात कहकर निकले थे। मंदिर में दर्शन करने के बाद तीनों किशोर औरैया जिले के अयाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने के लिए चले गए। नहाते समय तीनों दोस्त डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर औरैया जनपद के अयाना थाना प्रभारी जितेंद्र यादव, कुठौंद थाना प्रभारी रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे और छात्रों की खोजबीन कराई। छात्रों के डूबने की सूचना पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन और रामपुरा ब्लाक अध्यक्ष अजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की टीम को बुलाकर खोजबीन कराई। वहीं सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी नदी में किशोरो की तलाश में जुटी रही, लेकिन रात आठ बजे तक उनका कुछ भी पता नहीं चला था।