उरई। सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट के घर का ताला काटकर घुसे चोरों ने अलमारी में रखे 80 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात समेत ढाई लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह ताला टूटा देखकर पड़ोसियों ने गृहस्वामी को सूचना दी। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे। इसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। कोतवाल शिवकुमार सिंह का कहना है कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश की जा रही हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर तुलसीधाम के पास निवासी सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट बृज किशोर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह 10 मई को पत्नी के साथ बेटों के पास दिल्ली गए थे।17 मई की देर रात चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 80 हजार रुपये नकद, 11 कारतूस, सोने के तीन जोड़ी बाले, दो अंगूठी, एक चैन व चांदी के जेवरात, टीवी समेत ढाई लाख रुपये का माल पार कर दिया। सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा देख मोबाइल से सूचना दी। घर पहुंचकर जेवरात व नकदी गायब देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंचे कोतवाल शिवकुमार ने जांच पड़ताल की। पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में मुंह बांधे तीन चोरों की तस्वीर के आधार पर तलाश की जा रही है।