मायके जाने की जिद पर पूरी न होने पर ही बच्चियों का मारा
बोली, आवेश में कुछ समझ नहीं आया और घोट दिया ममता का गला
फालोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटरा। तीन दिन पूर्व मां के हाथों दो मासूम बच्चियों की हत्या के मामले में आखिर आरोपी मां ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। महिला ने रोते हुए पुलिस को बताया कि मायके जाने की जिद पूरी न होने पर इतनी गुस्सा आई कि अपने हाथों से ही ममता का गला घोंट दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों बच्चियो की हत्या के आरोप में महिला को जेल भेजा जा रहा है।
बता दें कि तीन दिन पूर्व कोटरा थाना क्षेत्र के छिरावली गांव निवासी मजदूर महेंद्र की पत्नी प्रतिमा ने अपने ही हाथों से अपनी बच्चियों माही (6) व रोशनी (1) की हत्या कर दी थी और चक्की में सिर मारकर खुद भी जान देने की कोशिश की थी। तब उसको इलाज के लिए झांसी भेजा गया था लेकिन शनिवार को पति द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस देर शाम उसे झांसी से ले आई थी और शनिवार रात प्रतिमा से कोतवाली में पूछताछ की गई। इंस्पेक्टर सुधांशु पटेल ने बताया कि महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया हैं। महिला के मुताबिक उसने मुरार छठ पर मायके जाने की जिद कर पति से रुपये मांगे थे, न मिलने पर गुस्से में आकर पहले उसने बड़ी बेटी का गला घोंटा, फिर छोटी का गला दबाकर उसे जमीन में पटक कर मार दिया था। उसे अपने किए पर पछतावा है।