समितियों में नहीं मिल रही खाद, किसान घूम रहे परेशान
जालौन। अच्छी बारिश से इस बार किसानों को आस जगी थी कि खरीफ की फसल अच्छी होगी। मौसम ने भी भरपूर साथ दिया, लेकिन समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की मेहनत पर पूरी तरह पानी फिरता दिख रहा है। समितियों पर यूरिया खाद की किल्लत से एक बार फिर किसानों की परेशानियां बढ़ गई है।
खरीफ की फसल को इस समय यूरिया याद की आवश्यकता है। इससे पूर्व मौसम के साथ देने व अच्छी बारिश होने के चलते किसानों को उम्मीद थी इस बार अच्छी फसल होगी लेकिन अधिकांश समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है। जिस यूरिया का भाव सोसइटियों पर 266 रुपये 50 पैसे है वही यूरिया उन्हें बाजार में खाद विक्रेताओं से 50 से 60 रुपये मंहगी कीमत देकर खरीदनी पड़ रही है। जिन किसानों की आर्थिक स्थिति ठीक है वह तो बाजार से खाद खरीद लेते हैं लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के लिए समितियों से खाद खरीदना मजबूरी है क्योंकि वहां उनकी रुपयों की बचत होती है। ऐसे में जब पौधों को समय पर खाद नहीं मिल रही है तो फसल उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है। किसान गजेंद्र सिंह सेंगर, राजीव माहेश्वरी, विजय, मोहम्मद शकील आदि ने बताया कि गल्ला मंडी स्थित पीसीएफ, यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड में पिछले लगभग एक सप्ताह से खाद नहीं है। केंद्र संचालक एक दो दिन में खाद आने की बात कह देते हैं। यदि शीघ्र ही यूरिया खाद न मिली तो सारी उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा।
डिमांड भेज दी है, जल्द आएगी खाद
पीसीएफ केंद्र के संचालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस समय खाद का स्टाक नहीं है। डिमांड भेज दी गई है। एक दो दिन में खाद उपलब्ध हो जाएगी। अधिकारियों के निर्देश पर प्रत्येक आधार कार्ड पर 5 बोरी के हिसाब से यूरिया खाद का वितरण किया जाएगा।