कदौरा। कोविड-19 की तीसरी लहर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार गांव-गांव कैंप लगाकर ग्रामीणों को वैक्सीन लगवा रहा है, ताकि संक्रमण को रोका जा सके।
सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक के निर्देश पर एएनएम वंदना साहू की अगुवाई में स्वास्थ्य कर्मियों ने क्षेत्र के कठपुरवा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शिविर लगाकर ग्रामीणों को वैक्सीन लगाई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बुखार खांसी जुकाम और टीबी के लक्षण के लोगों की सूची बनाकर उनको दवा का वितरण किया।
प्रधान प्रतिनिधि पंकज कुमार ने बताया कि शिविर लगने से ग्रामीणों को सीएचसी और अन्य स्थानों पर भटकना नहीं पड़ा। चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि गांव में 250 वैक्सीन की डोज भिजवाई थी, ताकि कोई भी छूट न पाए। इस दौरान पूर्व प्रधान चंद्रभान पाल, हेमंत कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी व आशा एवं आंगनबाड़ी भी मौजूद रही।