सिरसाकलार। दो दिन से लापता अधेड़ का शव अधजली अवस्था में खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शव उठाने का प्रयास किया तो परिजनों ने विरोध कर मामले का खुलासा करने की बात कही। पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने उन्हें ज्वलनशील पदार्थ से जलाया है। जिससे पूरे शरीर में फफोले पड़े हैं।
थाना क्षेत्र के हथना बुजुर्ग गांव निवासी अवध किशोर नगाइच (52) बुधवार को घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन की। लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की तरफ गए तो उनका अधजला शव पड़ा देख खलबली मच गई। खेत में शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जैसे ही देखा तो दहाड़े मारकर रोने लगे।
परिजनों का कहना है कि तेजाब या पेट्रोल से जलाकर उनकी हत्या की है। फिलहाल शव पर पूरे शरीर में बड़े बड़े फफोले पड़े थे। इसके साथ ही दो दिन से शव के पड़े होने से उससे दुर्गंध भी आ रही थी। फिलहाल परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पाते ही थानाध्यक्ष ब्रजेश बहादुर सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि वह इंदौर में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। इसके साथ ही गांव में खेती किसानी भी करते थे। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। उसकी मौत से पत्नी क्षमा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ जालौन राम सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह पता चलेगी।