कोंच (जालौन)। नगर पालिका कार्यालय के पास बने नलकूप में लगी खिड़की से अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। जिससे इलाके में खलबली मच गई। पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक ड्राइवरी का काम करता था।
कोतवाली क्षेत्र के प्रताप नगर निवासी राजकुमार दीक्षित (52) का शव शुक्रवार सुबह नगर पालिका कार्यालय से पास बने नलकूप की खिड़की से लटका मिला। सुबह नगर पालिका पहुंचे कर्मचारियों ने जब पालिका के कमरे की खिड़की खोली तो जंगले के सहारे शव लटकता देख उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। उन्होंने इसकी सूचना बाहर निकलकर आसपास लोगों और पुलिस को दी।
लोगों की सूचना पाकर पहुंचे एसएसआई उदयप्रताप सिंह, भेंड़ चौकी प्रभारी रिंकू सिंह, एसआई मनीष तिवारी ने मौके का निरीक्षण कर शव की शिनाख्त कराई। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। जब कभी वह ड्राइवरी भी कर लेता था। कुछ दिनों से उसे घर पर भी नहीं देखा गया था। वह अधिकतर नलकूप के आसपास ही नजर आता था।