उरई। अन्ना मवेशी छोड़ने पर प्रशासन अब सख्त हो गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर चिह्नित पशुपालकों को एसडीएम गुलाब सिंह ने गुरुवार को नोटिस जारी कर कोर्ट में तलब किया। एसडीएम ने सभी पशुपालकों से पशु छुट्टा न छोड़ने को लेकर शपथपत्र लिया। साथ ही चेतावनी दी कि अन्ना मवेशी छोड़ने पर उनके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि ऐर के प्रधान जुझार सिंह व कुछ ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी कि गांव के करीब 20 पशुपालक अपने मवेशी छुट्टा किए हुए हैं। इस कारण क्षेत्र की फसलों को नुकसान हो रहा है। जब इनसे मवेशी बांधने को कहते है तो वह झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। इससे शांतिभंग की संभावना है। इस पर एसडीएम ने 20 पशुपालकों को नोटिस जारी कर 23 सितंबर को अपनी कोर्ट में तलब किया। एसडीएम ने सभी पशुपालकों को लिखवाकर लिया कि वह मवेशी नहीं छोड़ेंगे। यदि मवेशी छोड़ेंगे तो उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम की सख्ती से अन्ना मवेशी छोडने वालों में हड़कंप मच गया है।