उरई। जिले के नोडल अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसव कक्ष और ओपीडी देखी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी के जिला महिला अस्पताल पहुंचते ही हड़कंप मच गया। आज अस्पताल में भीड़ थी। सबसे पहले वह प्रसव कक्ष में पहुंचे और कोरोना संक्रमित गर्भवती महिलाओं के इलाज के बारे में जानकारी ली। स्टाफ द्वारा गया कि ऐसी कोई गर्भवती संक्रमित नहीं आई है। उन्होंने सीएमएस डा. सुनीता बनौधा से स्टाफ और कर्मचारी के बारे में जानकारी ली।
सीएमएस ने उन्हें स्टाफ की कमी की समस्या बताई। ओपीडी में भीड़भाड़ देखकर नोडल अधिकारी ने जब पूछा तो स्टाफ ने बताया कि लॉकडाउन में छूट मिली है और आज सोमवार भी है। लिहाजा भीड़ है। इस पर उन्होंने सोशल डिस्टेसिंग का पालन सख्ती से कराने को कहा। इस दौरान डा. अवनीश कुमार, डा. एसके पाल, ह्दयनारायण राजपूत, देवपाल सिंह, रामजानकी, महेंद्र तिवारी, आरडी गौतम आदि मौजूद रहे।
मास्क पहनकर सामाजिक दूरी का करें पालन
जालौन। कोतवाली प्रभारी रमेशचंद्र मिश्रा ने सोमवार को नगर स्थित सभी बैंकों की चेकिंग की। बैंक के बाहर एकत्रित भीड़ को कोरोना के संबंध में जागरूक कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने एवं मास्क पहनने की अपील की। पुलिस सीओ सुबोध गौतम के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने नगर की सड़कों पर भ्रमण किया। बाजारबंदी के दिन सड़कों पर घूम रहे लोगों से कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए कुछ छूट दी गई है। इसका दुरुपयोग न करें। इस दौरान एसएसआई आनंद कुमार, चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित, एसआई गंगासागर, सफीक अहमद, त्रिलोकीनाथ मिश्रा, शाहजहां आदि रहे। संवाद