उरई। अनलॉक-1 के दौरान जिले के व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बनी रही। जिला प्रशासन की तरफ से गाइड लाइन जारी न होने की वजह से सोमवार को व्यापारियों ने पुराने नियमों के अनुसार प्रतिष्ठान खोले। हालांकि, दिन भर व्यापारी एक -दूसरे से गाइड लाइन के बारे में जानकारी करते नजर आए।
मोदी सरकार ने एक जून से देश में अनलॉक -1 की शुरूआत के साथ कई क्षेत्रों में छूट भी दी है। इसे लेकर जिले के व्यापारियों में भी उत्सुकता थी, लेकिन जिला प्रशासन ने सोमवार तक अनलॉक वन को लेकर कोई गाइड लाइन जारी नहीं की। इससे सोमवार को मुख्यालय समेत जिले के बाजार पुरानी गाइड लाइन के तहत दाएं व बाएं व्यवस्था के अनुसार खुले। हालांकि पहले दिन सुबह से बाजार में लोगों की भीड़ दिखी, लेकिन अधिकांश बाजार बंद होने से वापस घर लौट गए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन अनलॉक-1 को लेकर मंगलवार देर शाम गाइड लाइन जारी कर सकता है।