मंशापूर्ण मंदिर का टूटा पड़ा खुला चैनल।
- फोटो : ORAI
उरई। शहर के जिला परिषद रोड स्थित प्रसिद्ध मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से चोरों ने लाखों के आभूषण और घंटे चोरी कर लिए। चोर दान पेटी भी काटकर ले गए। गुरुवार को जब मंदिर के पुजारियों को जानकारी हुई तो दिन भर की पंचायत के बाद शाम को कोतवाली में तहरीर दी गई। कोतवाल शिवगोपाल का कहना है कि मामला जानकारी में है और जांच पड़ताल की जा रही है।
मंदिर की देखरेख करने वाले आनंद महाराज ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात वे लोग मंदिर परिसर के पट बंद कर सोए थे। गुरुवार की सुबह उठे तो देखा कि चैनल का ताला टूटा पड़ा है। बाहर रखी दान पेटी भी नदारद है। भीतर जाकर देखा तो भगवान का सोने का मुकुट 50 ग्राम का और चांदी का छत्र भी गायब था। आसपास के लोगों को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद शाम को महाराज ने कोतवाली जाकर तहरीर दी। महाराज के मुताबिक मंगलवार के चढ़ावे को मिलाकर पेटिका में करीब एक लाख के आसपास रकम होनी चाहिए। कुल पांच लाख के आसपास की चोरी हुई है। कोतवाल का कहना है कि मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा भी किया जाएगा।