उरई। कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर गांव निवासी 65 वर्षीय किसान राम शंकर की बुधवार की सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वे खेत में बोई गई फसल की रखवाली करने गए थे।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे राम शंकर खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।
किसान के पुत्र धर्मेंद्र ने बताया कि उनके पिता को कम सुनाई देता था। इसी कारण वे ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाए। घटना से पत्नी रामबाई सहित परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)