जनपद के आठ विकास खंड क्षेत्रों में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य पद के साथ एक
ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए रविवार को मतदान हुआ। सुबह से शुरू हुई
मतदान प्रक्रिया में मतदाताओं ने उत्साह से हिस्सा लिया। औपचारिकता माने जा
रहे इस चुनाव में मतदाताओं ने पूरी गंभीरता दिखाई। युवाओं से लेकर बुजुर्ग
तक मतदान करने मतदेय स्थल पर पहुंचे। आठों ब्लाकों में 62.2 फीसदी
मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। शांतिपूर्ण माहौल के बीच कोंच में
सबसे कम 57.61 प्रतिशत और माधौगढ़ ब्लाक में सबसे अधिक 67 फीसदी मतदान हुआ।
रविवार को कड़ी सुरक्षा में मतदान प्रक्रिया हुई। डकोर ब्लाक में नौ
वार्डों में मतदान हुआ। इसमें 60 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। कदौरा में
12 वार्डों में मतदान हुआ। यहां पर 60.01 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का
प्रयोग
किया। रामपुरा में 65 फीसदी, नदीगांव में 61.78 फीसदी, कोंच में
57.61 फीसदी, माधौगढ़ में 67 फीसदी, जालौन में 65.35, महेबा में 61.03
फीसदी मतदान हुआ। 76 वार्डों के अलावा माधौगढ़ ब्लाक के जमरेही अब्बल गांव
में प्रधान पद के लिए मतदान हुआ। यहां पर प्रधान पद को लेकर मतदाताओं को
खासी उत्सुकता देखी गई। सुबह से ही मतदान केंद्रों
पर लंबी लाइन लगी रही।
दोपहर में मतदाताओं की संख्या में कुछ कमी आई, पर तीन बजे के बाद फिर से
मतदान केंद्र पर लाइन लग गई। जिला निर्वाचन अधिकारी रामगणेश मतदान के हर पल
की जानकारी लेते रहे। मतदान केंद्रों
पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी रही।
शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। जोनल और सेक्टर
मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की निगरानी करते रहे।
2198 सदस्य हुए निर्विरोध
रिक्त पदों पर हो रहे चुनाव में कुठौंद ब्लाक में 322 सदस्य पद रिक्त थे
जहां पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के
सामने किसी दूसरे का नामांकन नहीं हुआ था। जिसकी वजह से उन्हें निर्वाचित
घोषित किया गया था। इसी प्रकार डकोर ब्लाक में 344 सदस्य, कदौरा ब्लाक में
198 सदस्य, महेबा ब्लाक में 236, रामपुरा ब्लाक में 155, नदीगांव में 192,
कोंच में 161, जालौन में 423, माधौगढ़ में 156 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित
हो चुके हैं।