उरई। इग्नू (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय) के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के उपनिदेशक डॉ अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि इग्नू ने परास्नातक स्तर पर भी संस्कृत विषय में पाठ्यक्रम शुरू किया है। यही नहीं एक भारत श्रेष्ठ भारत नाम से एक नया प्रोग्राम (कोर्स) भी शुरू किया जा रहा है। इसके माध्यम से किसी स्थान विशेष को महत्व देते हुए उस पर विशेषज्ञों द्वारा अध्ययन के बाद सरकार की संस्तुति के बाद उसे कोर्स में शामिल किया जाएगा। इग्नू द्वारा बीए आनर्स पाठ्यक्रम समेत कई विषयों पर कोर्स शुरू किए जा रहे हैं।
डॉ मिश्रा ने यह बात बुधवार को डीवी कॉलेज के बगिया परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि इग्नू द्वारा ग्राम विकास, आपदा प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, पर्यटन अध्ययन में डिप्लोमा, पोषण व स्वास्थ्य में डिप्लोमा, एचआईवी, परिवार शिक्षा में डिप्लोमा आदि रोजगारपरक कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू ने एमए ज्योतिष पर भी नया कोर्स शुरू किया है। इसके अलावा ऑनलाइन कंप्यूटर, लाइब्रेरी पर भी कई कोर्स शुरू किए गए हैं। इग्नू के कोर्स 24 घंटे ऑनलाइन संचालित हो रहे हैं। इसमें कोई भी एससी-एसटी छात्र निशुल्क शिक्षा ले सकता है।
उन्होंने बताया कि डीवी कालेज में इग्नू अध्ययन केंद्र में कई नए कोर्स संचालित हो रहे हैं। इग्नू अध्ययन केंद्र की स्थानीय समन्वयक डॉ. शैलजा गुप्ता, डॉ. माधुरी रावत, डॉ. राजेश पालीवाल, डॉ. नीता गुप्ता, डॉ. शशि तिवारी, चंदन, विजय राम आदि मौजूद रहे। इसके बाद शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को दूरस्थ शिक्षा की शैक्षणिक पद्धतियों से अवगत कराया।