उरई। चुर्खी बाईपास के पास मंगलवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में ईंट से सिर कूंचकर युवक की हत्या उसी के तीन दोस्तों ने कर दी। इसके बाद पास ही खाली प्लाट में शव फेंककर भाग गए। पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी महेंद्र कुमार जाटव उर्फ बाबा (35) प्राइवेट एंबुलेंस चलाता था। मंगलवार की रात मोहल्ले के ही अल्ताफ, राजा व जीशान घर से महेंद्र को शराब पार्टी करने के लिए बुला ले गए थे। रात करीब 10 बजे तीनों चुर्खी बाईपास के पास बने मरघट के सामने मैदान में बैठकर शराब पार्टी करते रहे। इसी दौरान जीशान व महेंद्र में विवाद हो गया। इस पर तीनों ने मिलकर महेंद्र की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को फेंककर भाग गए।
महेंद्र घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। उसका कहीं कोई पता नहीं चला। कुछ समय बाद पुलिस ने उसके भाई दीपक जाटव को घर से बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। दीपक की तहरीर पर पुलिस ने अल्ताफ, राजा व जीशान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर ली है। जीशान और राजा को गिरफ्तार कर लिया है।
जीशान व अल्ताफ ने महेंद्र के पैर पकड़े और राजा ने ईंट से सिर कुचला
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ईंट से सिर कूंचकर हत्या की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर लिया है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। घटनास्थल से पुलिस को महेंद्र के कपड़े कुछ दूरी पर पड़े मिले हैं। आरोपियों ने बताया कि हत्या करने के बाद शव की शिनाख्त न हो, इसलिए उसके चेहरे व सिर को ईंट से कुचल दिया था और उसके कपड़े भी फेंक दिए थे। बताया कि आरोपी अल्ताफ व राजा थे सगे भाई हैं। जीशान व अल्ताफ ने महेंद्र के पैर पकड़े थे और राजा ने ईंट से उसका सिर कुचल दिया था। महेंद्र के दो बच्चे हैं। उसकी मौत से पत्नी वर्षा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था जीशान
महेंद्र के भाई दीपक ने बताया कि जीशान चोरी के मामले में जेल में बंद था। वह करीब 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। वह उसके भाई को लगातार घर पर बुलाने आ रहा था। इस पर उसने अपने भाई से इन लोगों से दूरी बनाए रहने के लिए भी कहा था लेकिन वह नहीं माना। बताया कि वह कार्यक्रम में चला गया, तभी आरोपी उसके भाई को घर से बुलाकर ले गए और उसकी हत्या कर दी।
वर्जन
घटना के बाद युवक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
एके सिंह, सीओ कालपी।