उरई (जालौन)। शहर के सूर्य नगर में बुधवार की भोर में (करीब तीन बजे) कपड़े की दुकान के गोदाम में आग लग गई। हादसे में गोदाम में सो रहे दो कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई। वहीं गोदाम में ही खड़ी एक कार, दो बाइक और एक ठेला भी जल गया। आग की लपटें देखकर पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल कर पूछताछ की है। हालांकि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
शहर के राजमार्ग पर अनिल यादव की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। दुकान के पीछे गली में मोहल्ला सूर्यनगर में उनका गोदाम है। मंगलवार की देर रात दुकान में काम करने वाले कर्मचारी रामू सूरी (28) निवासी कांशीराम कालोनी, संतोष वर्मा (45) निवासी इंदिरानगर रोजाना की तरह काम करने के बाद गोदाम में सोने चले गए। बुधवार की भोर करीब 3:30 बजे पड़ोसियों ने गोदाम से निकले धुएं और आग की लपटों को देखा। इसके बाद गोदाम मालिक और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम ने जब गोदाम का गेट खोलकर देखा तब तक रामू सूरी और संतोष दम तोड़ चुके थे। एसडीएम, सीओ और तहसीलदार ने भी घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की है।
सीओ सिटी उरई विजय आनंद का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसी शार्ट सर्किट, बीड़ी बगैरह की चिंगारी या गोदाम में अलाव जलाने की वजह से घटना का होना प्रतीत हो रहा है। सही कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।