टरननगंज में बेटी के आशीर्वाद समारोह में गए प्रिंसिपल के घर से चोरों ने लाखों की नकदी समेत सात लाख की संपत्ति चुरा ली। चोर बाउंड्री की दीवार फांदकर मकान में घुसे थे। मंगलवार को देर रात जब प्रिंसिपल का परिवार लखनऊ से लौटा तो घर की हालत देख पुलिस को सूचना दी। चोर करीब पांच लाख के जेवर और दो लाख रुपये नकद ले गए हैं। इसके बाद डॉग
स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि कुछ साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। श्री ठक्कर बापा इंटर कालेज के प्रिंसिपल ओमप्रकाश श्रीवास्तव की बेटी की शादी 13 फरवरी को थी। मंगलवार को प्रिंसिपल का पूरा परिवार बेटी के आशीर्वाद समारोह में शामिल होने के लिए लखनऊ गया था। देर रात
जब ओमप्रकाश लौटे तो देखा कि गैलरी के दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। भीतर कमरों में जाकर देखा कि पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बेड भी खुला पड़ा था। लाकर में रखा
करीब दो लाख कैश और पांच लाख की ज्वेलरी, जिसमें सोने का हार, चेन, अंगूठी और चूड़ियां भी थी, चोर समेट ले गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को बाउंड्री पर चोरों के पैरों व अंगुली के निशान मिले। सीओ सुबोध गौतम का कहना है कि चोर तीन से चार की संख्या में रहे होंगे। जल्द ही उनकी धरपकड़ की जाएगी।
कपड़ों में लिपटे मिले 34 हजार
अलमारी से निकले कपड़ों के बीच पुलिस को 34 हजार रुपये मिले। दो हजार, पांच सौ और सौ-सौ के नोट थे। माना जा रहा है कि इन पर चोरों की नजर नहीं पड़ी, जिससे ये बच गए।
किसी करीबी पर शक की सुई
पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे प्रिंसिपल के किसी करीबी का भी हाथ हो सकता है, जिसे अच्छी तरह मालूम था कि परिवार में शादी थी। मंगलवार को आशीर्वाद समारोह में पूरा परिवार गया हुआ है।
पड़ोस में ठहर गया खोजी कुत्ता
पुलिस का खोजी कुत्ता प्रिंसिपल के मकान के पड़ोस में स्थित एक मकान के पास जाकर ठहर गया। पुलिस ने मोहल्ले के ही आपराधिक प्रवृत्ति वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस प्रिंसिपल के मकान के आसपास और रोड पर लगे सीसी कैमरों को भी खंगाल रही है, शायद किसी में चोरों का कोई फुटेज मिल जाए।