स्कूल प्रशासन से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
कोंच। सूरज ज्ञान माडर्न पब्लिक स्कूल में गुरुवार को एक छात्र ने साथियों को बुलाकर मारपीट की। स्कूल प्रशासन ने दोनों छात्रों को स्कूल से निकाल दिया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस को तहरीर भी दी है। जालौन रोड पर सूरज ज्ञान माडर्न पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले दो छात्रों शांतनु गुर्जर पुत्र दृगविजय सिंह व अंशुल बुधौलिया पुत्र रामप्रकाश बुधौलियामें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। स्कूल प्रशासन के मुताबिक शांतनु गुर्जर ने अपने साथियों को फोन कर दिया।
बताते हैं फोन होते ही एक दर्जन बाहरी लड़के स्कूल के अंदर चले आए और अंशुल बुधौलिया की कक्षा में घुस गए। उसे टांग कर स्कूल ग्राउंड में ले गए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे स्कूल में दहशत फैल गई। स्कूल के प्रबंधक अंकुर यादव ने कोतवाली पुलिस को फोन कर दिया जिस पर दरोगा जयवीर सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटना के बाबत जानकारी ली। अंकुर की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि इन अराजकतत्वों ने जाते जाते जान से मारने की धमकी भी दी। इधर, स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी के.के सोनी ने बताया है कि दोनों छात्रों को स्कूल से बर्खास्त कर दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की थी।