पति से झगड़ा होने पर एक महिला ने अपने चार साल के मासूम पुत्र के साथ केरोसिन डालकर आग लगा ली। जेठानी ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी झुलस गई। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मां ने उपचार के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मां-बेटे की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष ए के सिंह का कहना है कि मायके वाले जो
तहरीर देंगे वह उसकी जांचकर कार्रवाई करेंगे। कोटरा थाना क्षेत्र के गांव सैदनगर निवासी रामसजीवन की 28 वर्षीय पत्नी मनु का पति से किसी बात पर गुरुवार की सुबह विवाद हो गया। परेशान महिला ने अपने चार साल के पुत्र आदर्श को घर के बाहर से बुलाया और उसे कमरे में ले गई। वहां अपने व पुत्र के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा ली। इससे वह दोनाें
लोग आग का गोला बनकर आंगन में भागने लगे। जेठानी कमला ने दोनाें को बचाना चाहा तो वह भी झुलस गई। चीख पुकार सुनकर परिजन व ग्रामीण मौके पर आए और मां बेटे पर कंबल डालकर आग बुझाई। तब तक बच्चे आदर्श की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से झुलसी मनु को परिजन जिला अस्पताल लाए जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मां-बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं इस बाबत थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि पति से झगड़ा होने पर महिला ने यह कदम उठाया है। अभी उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है। अगर मायके वाले तहरीर देते है तो वे जांचकर कार्रवाई करेंगे।