उरई (जालौन)। परिजनों से गुस्सा होकर एक 16 वर्षीय किशोरी देर रात जिला अस्पताल के कैंपस में पहुंच गई। वहां पर चार युवकाें ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान एक युवक ने महिला थाना प्रभारी नीलेश कुमारी को जानकारी दी। इस पर वह मौके पर हमराहियाें के साथ पहुंच गईं। महिला पुलिस को देख युवक किशोरी को छोड़कर भाग निकले। थानाध्यक्ष किशोरी को साथ लेेकर महिला थार्ने आइं। इसके बाद उसके परिजनाें को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी बुधवार की रात करीब आठ बजे किसी बात से नाराज होकर घर से बाहर निकल गई। रात नौ बजे जिला अस्पताल परिसर में उसे देख नशेबाज चार युवकाें ने उसे पकड़ लिया। तभी वहां से निकल रहे एक तीमारदार ने महिला थाना प्रभारी नीलेश कुमारी को जानकारी दे दी। हमराहियाें के साथ मौके पर पहुंची तो पुलिस की गाड़ी देख युवक पीछे के रास्ते जीआईसी मैदान की ओर भाग गए। पुलिस किशोरी को लेकर थाना पहुंची और परिजनों को सूचना दी लेकिन किशोरी घर जाने को तैयार नहीं है। महिला थानाध्यक्ष उसे समझा रही हैं।